जिला खेल परिसर स्टेडियम विदिशा में नियमित रूप से खेल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी सुमित रघुवंशी ने खेल प्रतिभा और निरंतर मेहनत के साथ एक और उपलब्धि हासिल की है। सुमित रघुवंशी का चयन मध्य प्रदेश पुलिस में हुआ है। उनकी पदस्थापना रायसेन में हुई है तथा वर्तमान में वे सागर में पुलिस प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
सुमित रघुवंशी जिला खेल परिसर स्टेडियम के नियमित खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने स्टेडियम में कबड्डी का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ ही पुलिस भर्ती के लिए आवश्यक शारीरिक दक्षता की तैयारी भी यहीं से की। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के परिणामस्वरूप उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में मध्य प्रदेश पुलिस में चयन प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि सुमित रघुवंशी कबड्डी के उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने कबड्डी खेल में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विदिशा जिले का प्रतिनिधित्व किया है। स्टेडियम में विभागीय कबड्डी प्रशिक्षक श्रीमती ज्योति ठाकुर द्वारा उन्हें नियमित रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। खेल के साथ-साथ शारीरिक दक्षता की तैयारी ने सुमित को पुलिस भर्ती की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुमित ने कर दिखाया की खेल मैदान केवल प्रतियोगिताओं में पदक और उपलब्धियां हासिल करने का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यहां अर्जित अनुशासन, नियमित अभ्यास, शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण युवाओं को रोजगार और सेवा के विभिन्न अवसरों तक पहुंचाने में भी सहायक बनता है।
जिला खेल परिसर से प्रशिक्षण प्राप्त कर सुमित रघुवंशी द्वारा मध्य प्रदेश पुलिस में चयन प्राप्त करना जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उनकी उपलब्धि से खेल परिवार में हर्ष का माहौल है।
सुमित की इस उपलब्धि पर जिला खेल परिसर के समस्त खेल परिवार एवं प्रशिक्षकों विश्वनाथ प्रताप सिंह बुंदेला, आमिर खान, सपना शर्मा, गोपाल कुशवाहा, केशव शर्मा, ज्योति अहिरवार, नूरजहां बानो, हनीफ खान सहित अन्य ने शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





