नगर के एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में आज 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता 17 वर्ष आयु वर्ग बालक एवं बालिका का भव्य शुभारंभ हुआ। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा, नर्मदापुरम, सागर एवं शहडोल संभाग सहित जनजातीय कार्य विभाग की टीमें सहभागिता कर रही हैं।

प्रतियोगिता में कुल 360 खिलाड़ी एवं 60 ऑफिशियल्स भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना रहीं। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्णलाल चंदानी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह एवं नगरपालिका अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद सनोडिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अविनाश दीक्षित, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी की छात्राओं ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी।

मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। सिवनी का एस्ट्रो टर्फ मैदान खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा और इनमें से अनेक खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।पुलिस अधीक्षक श्री कृष्णलाल चंदानी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और समर्पण है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के सुरक्षित एवं सुखद प्रवास की कामना की।

अतिथियों श्रीमती अंजली शाह एवं श्री ज्ञानचंद सनोडिया ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए सिवनी आगमन पर उनका स्वागत किया।इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने हॉकी स्टिक से गेंद को हिट कर प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।

उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबलेप्रतियोगिता के पहले दिन बालक वर्ग में जबलपुर ने शहडोल को 6-0 से तथा नर्मदापुरम ने भोपाल को 4-3 से पराजित किया। इंदौर और सागर के बीच मुकाबला 4-4 से बराबरी पर रहा। बालिका वर्ग में जनजातीय कार्य विभाग की टीम ने ग्वालियर को पराजित किया।

मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका असद खान, निलेश चौरे, सादाब खान, कृतिका चंद्रा, रविश कुरैशी, फैजल खान, साकिर हुसैन, इमरान युसूब, प्रियंका ठाकुर, आरती विश्वकर्मा, साबाज खान एवं देवेन्द्र ठाकुर ने निभाई।