मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांदीपनी स्कूल पांढुर्णा में आयोजित सेवा सेतु अभियान सरकार आपके द्वार शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वरोजगार मूलक योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों तथा स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना की और हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत कक्षा 12 वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की। उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोरडोंगरी की छात्रा श्वेता साबले, विद्यार्थी दीपांशु पराड़कर तथा सांदीपनी स्कूल की छात्रा दिव्या करबे को स्कूटी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने वन मंडल सामान्य के स्टॉल का अवलोकन करते हुए वहां प्रदर्शित आयुर्वेदिक एवं औषधीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध वन एवं औषधीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पादों को उपयोगी बताते हुए इनके बेहतर प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने ऊर्जा विभाग, ऊर्जा विकास निगम के स्टॉल अवलोकन के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के स्टॉल पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे अचार, टोमेटो सॉस एवं विभिन्न प्रकार के मसालों का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पौष्टिक व्यंजनों को भी देखा।

मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने महिला स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए लिप्पन आर्ट, मोजेक आर्ट एवं टी-लाइट क्राफ्ट सहित अन्य हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन कर महिलाओं के हुनर की सराहना की। इसके बाद उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण के स्टॉल पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों, अनाज तथा हल्दी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ---

मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। खेड़ीकला निवासी तुषार सुभाष काकड़े को ड्रिप इरिगेशन हेतु अनुदान राशि 1 लाख रुपए, भंदारगोंदी निवासी मोहन हिवसे को औजार अनुदान योजना तथा पुनम दुधकवरे, अश्विनी राजू सावकर, वैशाली हेमंत सौदागर, हर्षला वानखेड़े एवं किशोर दुधकवरे निवासी पांढुर्णा को प्रधानमंत्री श्रम योगी पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रमेश कोहले एवं सुरेश वघाले निवासी पांढुर्णा को वृद्धा पेंशन स्वीकृति, पांढुर्णा निवासी मनिषा बारंगे को दिव्यांग पेंशन योजना, कुरेशा बी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। पांढुर्णा निवासी योगिता तायवाडे को व्हीलचेयर एवं ब्रेलीकेट, पांढुर्णा निवासी ओम प्रकाश मानकर एवं अशोक शहगल को प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 का लाभ मिला। पांढुर्णा निवासी मंदा वानखड़े, पूजा योगेश, अपूर्वा ठोमेरे एवं तरुण ठोमेरे को खाद्यान्न पात्रता पर्ची प्रदान की गई। पिपलपानी निवासी विजेश साहेबराव भादे को बीआरसी योजना के तहत बायो रिसोर्स सेंटर का लाभ मिला, पार्वती तिवारी एवं मनोहर धारपुरे निवासी पांढुर्णा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।