गांधी जयंती के अवसर पर ग्राम परसोड़ी, विकासखंड पांढुर्णा में ‘ जल अर्पण दिवस ’ के अंतर्गत ‘ हर घर नल से जल उत्सव ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, पेयजल स्रोतों की स्वच्छता एवं नल-जल योजना के उचित संचालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में ग्रामीण महिलाओं एवं सरपंच द्वारा वंदन एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात नल की पूजा-अर्चना कर जल का श्रृंगार किया गया तथा ग्रामीणों को जल अर्पण कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामीणों द्वारा जल संकल्प की शपथ ली गई। उन्होंने क्रियान्वित नल-जल योजना का उचित संचालन एवं रखरखाव करने, पेयजल स्रोतों एवं ट्यूबवेल की देखरेख करने, पेयजल को सुरक्षित रखने तथा जल स्रोतों को साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल परीक्षण किट ( FTK) का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कार्यपालन यंत्री के निर्देश एवं सहायक यंत्री के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विभागीय विकासखंड समन्वयक श्री रितेश फरकसे एवं हैंडपंप तकनीशियन श्री अनिल भांगे सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




