जिले के गाडरवारा की दो प्रतिभाशाली छात्राओं अंकिता राजपूत एवं वेदिका ठाकुर का चयन राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिताओं के लिए जबलपुर संभाग के दल में हुआ है। दोनों छात्राएं अलग-अलग खेल विधाओं में राज्य स्तर पर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अशासकीय क्रेयान स्कूल की कक्षा 9वीं की छात्रा अंकिता राजपूत का चयन शहडोल में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग के लिए जबलपुर संभाग की टीम में हुआ है। वहीं इसी विद्यालय की कक्षा 7वीं की छात्रा वेदिका ठाकुर का चयन इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शालेय शूटिंग प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग के लिए जबलपुर संभाग के दल में किया गया है।

दोनों छात्राओं के राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन पर विद्यालय एवं खेल जगत में हर्ष का माहौल है। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित विद्यालय के डायरेक्टर श्री संदीप उपाध्याय, दीपिका उपाध्याय, प्राचार्य डॉ. वर्षा शिजू एवं श्री शहजाद बेग ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।