विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत कड़ियार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री जन विश्वास सह सेवा सेतु अभियान कार्यक्रम विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने ग्रामीणों से भी ग्राम सभा की बैठकों में उपस्थित होकर पात्रतानुसार योजनाओं के लिए आवेदन करने की अपील की, ताकि उन्हें समय पर लाभ मिल सके।

विधायक ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिले लाभ एवं उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। इस दौरान हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्राम पंचायत कड़ियार में तालाब की मेड़ पर नवनिर्मित सीमेंट-कंक्रीट सड़क, चबूतरा, वस्त्र परिवर्तन कक्ष, छायादार शेड एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को सुविधाएं मिलेंगी तथा सिहावल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे।

कार्यक्रम में सिद्धार्थ गौतम एवं जयशंकर द्विवेदी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जय प्रकाश पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी श्रवण चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।