किसानों की समृद्धि और कृषि को नई तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मऊगंज जिले के कृषि उपज मंडी हनुमना में किसानों को बड़ी सौगात का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीतापुर-हनुमना लिफ्ट इरीगेशन परियोजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई का भरपूर लाभ मिलेगा। सिंचाई सुविधा के विस्तार से कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मऊगंज भले ही नया जिला है, लेकिन प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत और यहां के लोगों के परिश्रम से जिले का तेजी से विकास हो रहा है। उद्यानिकी में भी किसान नए प्रयोग कर रहे हैं। स्ट्रॉबेरी, काला आलू, विशेष का किस्म के तरबूज और मखाने जैसी नवाचार आधारित खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मऊगंज के टमाटर और प्याज के स्वाद के लोग दीवाने हैं।
बहुती एवं अष्टभुजा धाम के विकास से पर्यटन क्षेत्र में विशेष पहचान मिली है और आने वाले समय में बृहद विस्तार से विकसित होगा। देवतालाब मंदिर परिसर को देवलोक बनाया जा रहा है। मऊगंज में मुख्यमंत्री कृषि उपज मंडी हनुमना में आयोजित राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव कार्यक्रम से आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मऊगंज जिले के प्रगतिशील किसानों श्री बृजेश कुमार पाण्डेय, श्री बाबूलाल कुशवाहा, श्री कृष्ण कुमार द्विवेदी तथा श्रीमती अनीता मिश्रा से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने किसानों से उनकी कृषि गतिविधियों, परंपरागत खेती से आधुनिक खेती की ओर हुए बदलाव, कृषि में नवाचार तथा आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली।
किसानों ने बताया कि आधुनिक कृषि यंत्रों, तकनीकी पद्धतियों तथा जैविक खाद के उपयोग से उन्हें खेती में बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों को प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी, श्रीअन्न, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, फसल विविधीकरण और फूड प्रोसेसिंग जैसी गतिविधियों को कृषि के साथ जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेती के साथ आय के अन्य स्रोत विकसित कर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत कर सकते हैं।
रबी सीजन में दिन में दस घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी रबी सीजन से किसानों को सिंचाई के लिए दिन में दस घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। फार्मर आईडी तैयार करने के साथ किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कृषि क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा को सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में तकनीक, सिंचाई, आधुनिक संसाधनों और किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों के लिए विकास के नए अवसर तैयार हुए हैं। किसानों को ‘कृषिमित्रं सदा शुभम्’ प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही कृषक परिवारों के कक्षा 12वीं के 10 मेधावी विद्यार्थियों, जिन्होंने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है, को भी सम्मानित किया गया। बलराम कृषि महोत्सव में किसानों को रबी फसलों की उन्नत किस्मों, नवीन कृषि तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन एवं कृषि से जुड़े समसामयिक विषयों की जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन दिया।
महोत्सव में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर उन्नत बीज, कृषि यंत्र, उर्वरक, ई-विकास के माध्यम से उर्वरक वितरण, प्राकृतिक खेती, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से भी कृषि विकास का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, प्रशासक अपेक्स बैंक डॉ. महेंद्र सिंह यादव, बलराम कृषि महोत्सव के प्रदेश प्रभारी श्री कपिल, विंध्य विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री पंचूलाल प्रजापति, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा श्री कप्तान सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री भाजपा किसान मोर्चा श्री राजमणि सिंह बघेल, भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री उमाशंकर त्रिपाठी, भारतीय किसान संघ जिला अध्यक्ष श्री हरिशंकर पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



